रिपोर्ट: लाइव भारत अमृतसर (मनी शर्मा) 26-11-2026
अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से की मुलाकात, बोले- जनता की राय से तय होगा क्षेत्र के विकास का रोडमैप
अमृतसर। अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के युवा नेता एवं विधानसभा दावेदार अक्षय शर्मा अपने क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे। उन्होंने बटाला रोड क्षेत्र में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों से मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं, जरूरतों तथा विकास को लेकर सुझाव मांगे। अक्षय शर्मा ने कहा कि अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र का संपूर्ण विकास जनता की राय और उनकी प्राथमिकताओं के अनुरूप किया जाएगा।
अक्षय शर्मा ने कहा कि उनकी टीम लगातार जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए कार्य कर रही है। इसमें जरूरतमंदों को मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाना, युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने के प्रयास, बच्चों की निःशुल्क शिक्षा, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के इलाज में सहायता, जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग तथा मंदिरों, गुरुद्वारों और चर्चों से जुड़े धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में योगदान शामिल है।
जनता से संवाद के दौरान अक्षय शर्मा ने पुराने विकास कार्यों के नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ नेता आज भी 10-15 साल पुराने कार्यों का हवाला देकर जनता के बीच आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल पुराने दावों और चुनावी वादों से संतुष्ट होने वाली नहीं है, बल्कि अपने प्रतिनिधियों से उनके कार्यकाल और जनसेवा का हिसाब भी मांग रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र के युवा बेरोजगारी से जूझ रहे थे, गरीब परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे थे और बच्चे शिक्षा से वंचित थे, तब इन नेताओं ने उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए क्या प्रयास किए? जरूरत के समय बुजुर्गों की सहायता और लोगों के सुख-दुख में शामिल होने के लिए कौन आगे आया?
अक्षय शर्मा ने कहा कि चुनाव के समय जनता के बीच पहुंचने वाले नेताओं से उनके कामकाज का हिसाब जरूर मांगा जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोच-समझकर अपना निर्णय लें और पुराने दावों एवं वादों के बजाय जनसेवा, विकास तथा नई सोच को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य जनता के साथ सीधे जुड़कर क्षेत्र की समस्याओं को समझना और लोगों के सुझावों के आधार पर विकास कार्यों की दिशा तय करना है। जनता का विश्वास और सहभागिता ही अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के बेहतर भविष्य की नींव बनेगी।




