लाइव भारत / मनी शर्मा अमृतसर- 23-अप्रैल -2026
अमृतसर के मजीठा रोड इलाके में लूट की एक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने शाम करीब 7 बजे एक लड़की का मोबाइल फोन और पर्स छीनकर फरार हो गया। यह घटना काला माला चौक के पास हुई, जहां पीड़िता अपनी बहन के साथ खाना खा रही थी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अचानक पैदल आया और टेबल पर रखा फोन और पर्स उठाकर भाग गया। इसके बाद वह कुछ दूरी पर खड़ी अपनी एक्टिवा पर बैठकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया, लेकिन इस दौरान वह गिर गई और उसे हल्की चोटें भी आईं। 
पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। थाना मजीठा रोड के एसएचओ राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसआई हरपिंदर सिंह और उनकी टीम ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान कर ली।
पुलिस की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज एक घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता का मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान बरामद कर लिया है। साथ ही वह एक्टिवा भी जब्त कर ली गई, जिसका इस्तेमाल आरोपी ने भागने के लिए किया था।
पीड़िता ने मीडिया से बातचीत में पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उसका फोन उसके लिए बेहद जरूरी था, क्योंकि आजकल अधिकांश काम मोबाइल पर ही निर्भर होते हैं। उसने कहा कि पुलिस ने बहुत कम समय में उसका सामान वापस दिलाकर सराहनीय काम किया है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा मजबूत किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
—




