अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर और ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़

0
16

लाइव भारत / मनी शर्मा अमृतसर- 23-अप्रैल -2026

अमृतसर पुलिस ने गैंगस्टर और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो फिरोजपुर बॉर्डर के जरिए ड्रोन के माध्यम से तस्करी कर रहे थे।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पंजाब में गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत यह बड़ी सफलता हासिल हुई है।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह फिरोजपुर के अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सक्रिय था और ड्रोन के जरिए भारत में हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी ममदोट सेक्टर के पास एक ही गांव के निवासी हैं और लंबे समय से घने जंगलों और वन क्षेत्र का फायदा उठाकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। बरामद ड्रग्स में मेथामफेटामाइन (मेथ) जैसी खतरनाक नशीली दवा शामिल है, जिसे हेरोइन का विकल्प माना जाता है। इसके अलावा सिल्वर-कोटेड ड्रग्स और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।

यह ऑपरेशन डीसीपी इन्वेस्टिगेशन रविंदर पाल सिंह, एसीपी हरविंदर सिंह और इंस्पेक्टर मोलकदीप सिंह की अगुवाई में अंजाम दिया गया। पुलिस कमिश्नर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और सूझबूझ से इस बड़े नेटवर्क का खुलासा संभव हो पाया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा, सोला सिंह और करण के रूप में हुई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहन जांच कर रही है।

कमिश्नर भुल्लर ने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस किसी भी कीमत पर नशा और अपराध को बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।