बटाला के पास दर्दनाक सड़क हादसा: वैष्णो देवी से लौट रही टेंपो ट्रैवलर टिपर से टकराई, 2 श्रद्धालुओं की मौत, 12 घायल

0
12
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 05-जून (मनी शर्मा)

पंजाब के बटाला के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव उधनवाल के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वैष्णो देवी से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर की तेज रफ्तार टिपर से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बटाला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, कुछ घायलों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे भी अमृतसर भेजा गया है।

मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि वाहन में गुजरात के श्रद्धालु सवार थे। श्रद्धालु श्रीनगर घूमने के बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव उधनवाल के पास उनकी टेंपो ट्रैवलर एक टिपर से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, जबकि घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।