जम्मू में गट्टू डोर के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 गट्टू के साथ आयुष महाजन गिरफ्तार

0
54
रिपोर्ट लाइव भारत 01-09-2026 (मनी शर्मा)

जम्मू: प्रतिबंधित और जानलेवा गट्टू डोर की बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ जम्मू पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत गांधी नगर पुलिस ने संजय नगर इलाके में कार्रवाई करते हुए आयुष महाजन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से करीब 90 गट्टू डोर बरामद की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किया गया युवक आयुष महाजन, पुत्र मनोज गुप्ता, निवासी सेक्टर-9, संजय नगर, जम्मू बताया जा रहा है। गांधी नगर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद प्रतिबंधित गट्टू डोर बेचने और रखने वालों में हड़कंप मच गया है।

गट्टू डोर को लेकर प्रशासन पहले ही सख्त निर्देश जारी कर चुका है। इसके बावजूद बाजार में इसकी बिक्री और इस्तेमाल की शिकायतें सामने आ रही हैं। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। गट्टू डोर को बेहद खतरनाक माना जाता है। यह दोपहिया वाहन चालकों के गले और शरीर को गंभीर रूप से घायल कर सकती है। इसके अलावा यह पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए भी जानलेवा साबित होती है। हाल के दिनों में जम्मू क्षेत्र में गट्टू डोर से जुड़े कई हादसे सामने आने के बाद पुलिस ने इसके खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है।

गांधी नगर पुलिस की कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है। सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी में पुलिस टीम और SHO रघुबीर चौधरी की कार्रवाई की प्रशंसा की गई है। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित गट्टू डोर का इस्तेमाल न करें और यदि किसी दुकान या व्यक्ति द्वारा इसकी बिक्री अथवा भंडारण किया जा रहा है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।

फिलहाल पुलिस ने बरामद गट्टू डोर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।