ओवरलोड ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, राजासांसी में भड़का लोगों का गुस्सा

0
40

लाइव भारत / अमृतसर 04-मई (मनी शर्मा)

घर लौट रहे अश्वनी कुमार की मौके पर मौत, परिजनों ने 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग उठाई

पंजाब के अमृतसर जिले के राजासांसी इलाके में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें ओवरलोड ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अश्वनी कुमार के रूप में हुई है, जो गुरु अर्जन देव कॉलोनी का रहने वाला था।

जानकारी के अनुसार, अश्वनी कुमार रोजाना की तरह अपने काम से घर लौट रहा था। जब वह कॉलोनी के बाहर सड़क पर धीमी गति से जा रहा था, तभी कणक (गेहूं) से भरे एक ओवरलोड ट्रक ने बिना किसी संकेत के साइड मार दी। इस दौरान युवक का सिर ट्रक के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद सामने आई एक वाहन के कैमरे की वीडियो से पता चला है कि ट्रक चालक की लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण थी। हादसे के बाद परिजनों ने थाना राजासांसी में शिकायत दर्ज करवाई है, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और न ही ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। इसको लेकर परिवार और इलाके के लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है।

मसीह समाज के पंजाब प्रधान जॉन कोटली ने कहा कि यह हादसा केवल ड्राइवर की गलती नहीं, बल्कि इलाके में चल रही अवैध मंडी और ओवरलोडिंग भी इसका बड़ा कारण है। उन्होंने बताया कि सड़क काफी संकरी है और भारी वाहनों की आवाजाही से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे और जरूरत पड़ी तो शव के साथ धरना भी देंगे। उन्होंने पंजाब सरकार से इलाके में चल रही अवैध मंडी को तुरंत हटाने की मांग की है।

वहीं, थाना राजासांसी की पुलिस अधिकारी सिमरजीत कौर ने बताया कि परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।