ऑपरेशन प्रहार: अमृतसर देहाती पुलिस ने 40 नशा तस्करों को दबोचा

0
20
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 21-जुलाई (कृतिका)

अमृतसर देहाती पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ जारी, करीब 40 नशा तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर: अमृतसर देहाती पुलिस द्वारा नशा तस्करों, गैंगस्टरों और सीमा पार से संचालित अवैध नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़े स्तर पर कार्रवाई लगातार जारी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने अब तक करीब 40 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशा और सीमा पार तस्करी के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है।इस संबंध में जानकारी देते हुए डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस की टीमें सुबह से ही जिले के कई इलाकों में एक साथ सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इस दौरान बड़े नशा तस्कर सुखदेव सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा कई अन्य तस्करों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है तथा उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।डीआईजी ने बताया कि भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे महुआवा और नेश्टा गांव ड्रोन के माध्यम से हेरोइन और हथियारों की तस्करी के संवेदनशील केंद्र बन चुके हैं। इसी कारण पुलिस ने इन गांवों को विशेष निगरानी में रखा है और लगातार छापेमारी कर सीमा पार से संचालित तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा सीमा क्षेत्रों में लगाए गए एंटी-ड्रोन सिस्टम के कारण पाकिस्तान की ओर से भेजे जाने वाले ड्रोन की गतिविधियों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है। इस आधुनिक तकनीक की मदद से नशे और हथियारों की तस्करी रोकने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है।डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने गैंगस्टरों और नशा तस्करों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि वे तुरंत आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दें। यदि वे कानून से बचने की कोशिश करेंगे तो पुलिस उन्हें हर हाल में गिरफ्तार करेगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।