अमृतसर में शुरू हुई अत्याधुनिक एडवांस जेनेटिक टेस्टिंग सुविधा, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी जांच की सुविधा

0
17
अमृतसर, 3 अगस्त। मनी शर्मा 

पंजाब में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हुए अमृतसर स्थित ओबेगो क्लीनिक ने एडवांस जेनेटिक टेस्टिंग सेंटर की शुरुआत की है। इस सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों को दुर्लभ, वंशानुगत और जन्मजात बीमारियों की जांच के लिए दूसरे शहरों या विदेशों की प्रयोगशालाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। क्लीनिक के संस्थापक डॉ. रोहित कपूर ने बताया कि आज के समय में जेनेटिक टेस्टिंग कई गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। इससे डॉक्टर बीमारी के मूल कारण को समझकर मरीज के लिए अधिक प्रभावी और व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि इस सेंटर में बच्चों की जन्मजात बीमारियों, वंशानुगत विकारों, न्यूरोलॉजिकल रोगों, कैंसर से जुड़े जेनेटिक जोखिम, गर्भावस्था के दौरान भ्रूण की आनुवंशिक जांच सहित कई प्रकार की आधुनिक जेनेटिक जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक पंजाब के कई मरीजों के सैंपल जांच के लिए दिल्ली या विदेशों की प्रयोगशालाओं में भेजे जाते थे, जिससे रिपोर्ट आने में काफी समय लगता था। नए सेंटर के शुरू होने से जांच प्रक्रिया तेज होगी, मरीजों का समय और खर्च दोनों कम होंगे तथा उन्हें अपने ही शहर में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।इस अवसर पर क्लीनिक की ओर से राष्ट्रीय स्तर के जेनेटिक्स सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के विशेषज्ञों ने जेनेटिक साइंस, प्रिसिजन मेडिसिन, फिटल मेडिसिन, कैंसर, न्यूरोलॉजी और अन्य आधुनिक चिकित्सा विषयों पर अपने विचार साझा किए। विशेषज्ञों का मानना है कि जेनेटिक टेस्टिंग के प्रति बढ़ती जागरूकता से न केवल गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होगी, बल्कि परिवारों को भविष्य में संभावित आनुवंशिक जोखिमों के बारे में भी बेहतर जानकारी मिल सकेगी।