पंजाब में धमाके के बाद डीजीपी गौरव यादव मौके पर पहुंचे, हाई लेवल जांच शुरू

0
22

लाइव भारत / अमृतसर 06-मई (मनी शर्मा)

आईएसआई साजिश का शक, लो इंटेंसिटी ब्लास्ट; फोरेंसिक और इंटेलिजेंस एजेंसियों की संयुक्त जांच जारी

पंजाब में हुए धमाके के बाद राज्य के डीजीपी गौरव यादव तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर धमाके की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। निरीक्षण के बाद डीजीपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मामले की गंभीरता से उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में इस घटना के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की साजिश होने का संदेह है। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय देश के खिलाफ चल रहे प्रॉक्सी वॉर का सामना कर रहा है और ऐसी घटनाओं के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जिनमें ह्यूमन इंटेलिजेंस, टेक्निकल इंटेलिजेंस और फोरेंसिक टीमें शामिल हैं। फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की वास्तविक प्रकृति और इस्तेमाल किए गए डिवाइस के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। शुरुआती तौर पर इसे लो इंटेंसिटी ब्लास्ट माना जा रहा है। मौके से कुछ शार्पनल भी बरामद हुए हैं, जिससे इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।

डीजीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं, लेकिन जांच के हित में उन्हें अभी सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। मोबाइल फोन डेटा और अन्य डिजिटल सबूतों की भी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जालंधर में हुई एक अन्य घटना से इस धमाके का कोई सीधा संबंध अभी तक सामने नहीं आया है।

उन्होंने खालिस्तान लिबरेशन आर्मी द्वारा किए गए दावे को भी संदेह के दायरे में बताया और कहा कि यह एक गैर-मौजूद संगठन हो सकता है, जिसका इस्तेमाल आईएसआई द्वारा प्रचार के लिए किया जा रहा है।

अंत में डीजीपी ने पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें और किसी भी गुमराह करने वाले तत्वों के बहकावे में न आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब पुलिस इस मामले को जल्द सुलझाकर दोषियों को गिरफ्तार करेगी और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।