अजनाला के पेट्रोल पंप पर तेल में हेराफेरी का आरोप, ₹200 के पेट्रोल में निकला आधा लीटर!

0
36

लाइव भारत / अमृतसर 05-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर, पंजाब जिले के अजनाला क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर तेल कम डालने को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। अजनाला के बीएसएफ रोड स्थित *जगजीत पेट्रोल पंप* पर उस समय हंगामा हो गया जब एक युवक ने ₹200 का पेट्रोल डलवाया, लेकिन जांच करने पर बाइक में करीब आधा लीटर पेट्रोल ही पाया गया।

पीड़ित युवक *सोनू सिंह* (गांव लखूवाल) ने आरोप लगाया कि उसके साथ सीधी ठगी की गई है। उसने बताया कि पेट्रोल कम होने का शक होने पर उसने बाइक की जांच की, जिसमें उम्मीद से काफी कम पेट्रोल निकला। इसके बाद उसने मौके पर ही विरोध जताया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वहीं पेट्रोल पंप के मैनेजर *दिलबाग सिंह* ने माना कि जांच के दौरान पेट्रोल कम पाया गया, लेकिन उनका कहना है कि मशीन से ₹200 का पूरा पेट्रोल ही डाला गया है। उन्होंने कहा कि मामले की आंतरिक जांच के बाद ही स्पष्ट किया जा सकेगा कि कमी कैसे हुई।

इस मामले पर लीगल मेट्रोलॉजी विभाग के इंस्पेक्टर *कवरजीत सिंह* ने बताया कि पेट्रोल कम देने की शिकायत सामने आई है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग को लिखित शिकायत मिलती है तो नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में उपभोक्ता अधिकारों और पेट्रोल पंपों की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी न हो।