अमृतसर के वेरका इलाके में फायरिंग, पुलिस की बड़ी कार्रवाई—3 आरोपी गिरफ्तार, एक एनकाउंटर में घायल

0
39

लाइव भारत / अमृतसर 05-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर, पंजाब  शहर के वेरका इलाके में हुई फायरिंग की घटना पर कमिश्नरेट पुलिस ने त्वरित और प्रभावशाली कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर *गुरप्रीत सिंह भुल्लर* ने बताया कि घटना 5 मई 2026 को वेरका रेलवे क्रॉसिंग के पास सामने आई।

पुलिस के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान टीम को वेरका बस स्टैंड के पास दो पक्षों के बीच झगड़े और फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि वे सैर कर रहे थे, तभी दो गाड़ियां (एक काली और एक सफेद) उनके पास आकर रुकीं। इनमें से 8-9 लोग उतरे, जिनमें दो के पास पिस्तौल, दो के पास तेजधार हथियार (दातर) थे, जबकि अन्य खाली हाथ थे।बताया गया कि आरोपी *नव* ने पहले हवाई फायर किया और फिर शिकायतकर्ता पर जान से मारने की नीयत से दो गोलियां चलाईं, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। शोर मचने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आगे की कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर *बलजिंदर सिंह* की अगुवाई में पुलिस टीम आरोपी नव के घर पहुंची। इसी दौरान 5-6 संदिग्ध व्यक्ति पैदल आते दिखे और पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया।भागने की कोशिश के दौरान आरोपी *कृष्णा सोनिक* ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने पहले हवाई फायर किया, लेकिन लगातार हमले के चलते आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें कृष्णा सोनिक के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया। मौके पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान उसका हथियार नीचे गिर गया, जिसे उसके साथी *रणजीत सिंह उर्फ बॉबी* ने उठाया और फायरिंग करते हुए फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे और एक अन्य आरोपी *गौतम मेहरा* को भी गिरफ्तार कर लिया। रणजीत सिंह की निशानदेही पर एक .32 बोर पिस्तौल बरामद की गई है।घायल आरोपी कृष्णा सोनिक को तुरंत सिविल अस्पताल अमृतसर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने इस मामले में थाना वेरका में एफआईआर नंबर 48 दिनांक 05-05-2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।