लाइव भारत / मनी शर्मा अमृतसर- 22-अप्रैल -2026
सिमरनजीत सिंह मान द्वारा पाकिस्तान की शांति कोशिशों की सराहना असीम मुनीर को नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांग भारत की नीतियों पर उठाए सवाल, सीमावर्ती इलाकों के हालात पर चिंता जताई केंद्र सरकार पर निशाना, सिख मुद्दों और फिल्मों पर भी दिया बयान
अमृतसर में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई अंतरराष्ट्रीय और देशी मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान की ओर से की जा रही शांति प्रयासों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि खासतौर पर पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर द्वारा ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच तनाव कम करने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और विश्व शांति के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं।
मान ने कहा कि ऐसे प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए और असीम मुनीर को नोबेल शांति पुरस्कार दिया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि जिन देशों के पास परमाणु हथियार हैं, उनके बीच तनाव कम करना एक बड़ी उपलब्धि होती है और इससे संभावित बड़े युद्ध को रोका जा सकता है।
इस दौरान मान ने भारत की नीतियों पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि भारत ने हमेशा युद्ध का माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अक्सर अचानक गांव खाली करने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन सरकार द्वारा उनके पुनर्वास के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने सवाल किया कि यदि लोगों को विस्थापित किया जाता है, तो उनके रहने, खाने-पीने, शिक्षा और पशुओं के चारे का क्या इंतजाम होगा।
उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसले लेने से पहले सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और प्रभावित लोगों के लिए उचित प्रबंध करने चाहिए। मान ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके जीवन-यापन की आवश्यकताओं को भी सुनिश्चित करे।
इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अल्पसंख्यकों के साथ न्याय नहीं हो रहा। उन्होंने सिखों से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया और दावा किया कि विदेशों में भी सिखों पर हमले हो रहे हैं
फिल्मों के मुद्दे पर बोलते हुए मान ने कहा कि वह फिल्मों पर प्रतिबंध के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन सिखों पर हुए अत्याचारों को दर्शाने वाली फिल्मों को भी बनाया और दिखाया जाना चाहिए, ताकि सच्चाई लोगों तक पहुंच सके।
अंत में मान ने कहा कि वह हर मुद्दे पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे और सच्चाई के साथ खड़े रहेंगे, चाहे हालात कैसे भी हों।
बाइट:— शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान




