रावी नदी के जलस्तर को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहें बेबुनियाद, सीमावर्ती गांवों के लोगों ने की अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग

0
10
रिपोर्ट: लाइव भारत / गुरदासपुर 25-जुलाई (मनी शर्मा)

गुरदासपुर। बीते कुछ दिनों से डेरा बाबा नानक और गांव घोनेवाल के पास रावी नदी के जलस्तर को लेकर सोशल मीडिया पर कई भ्रामक वीडियो और रीलें वायरल हो रही हैं। इन वीडियो में नदी के जलस्तर को लेकर बाढ़ जैसे हालात होने का दावा किया जा रहा है, जिससे रावी नदी से सटे सीमावर्ती गांवों के लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया है।हालांकि, ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने इन दावों को पूरी तरह निराधार बताया। ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल रावी नदी का जलस्तर पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की घबराने वाली स्थिति नहीं है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि केवल सोशल मीडिया पर व्यूज़ और लोकप्रियता हासिल करने के लिए झूठी खबरें और भ्रामक रीलें बनाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, क्योंकि ऐसी अफवाहों से सीमावर्ती इलाकों के लोगों में अनावश्यक भय का माहौल पैदा हो रहा है।इस दौरान ब्लॉक समिति रामदास के चेयरमैन ने भी कहा कि कुछ राजनीतिक लोग रावी नदी के किनारे केवल फोटोशूट करवाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि नेताओं को केवल दिखावे के लिए मौके पर आने के बजाय बाढ़ आने से पहले स्थायी और प्रभावी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराने पर ध्यान देना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र के निवासी पहले ही प्राकृतिक आपदाओं और पूर्व में आई बाढ़ के कारण भारी नुकसान झेल चुके हैं। उनका कहना है कि उस नुकसान की भरपाई आज तक नहीं हो सकी है। इसलिए झूठी अफवाहें फैलाकर लोगों में दहशत पैदा करना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। ग्रामीणों ने प्रशासन और आम जनता से अपील की कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें और सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक वीडियो से बचें।