Site icon Live Bharat

भगवंत मान के खिलाफ भाजपा का पंजाबभर में प्रदर्शन, अमृतसर में निकाला विशाल रोष मार्च

रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 09-मई (मनी शर्मा) 

पंजाब में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ राज्यभर में जोरदार प्रदर्शन किए। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा पार्टी के खिलाफ दिए गए बयानों को “झूठा और बेबुनियाद” बताते हुए विभिन्न जिलों के पुलिस कमिश्नरों को ज्ञापन सौंपे। इसी कड़ी में अमृतसर में भाजपा जिला अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू की अगुवाई में रानी बाग से पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक विशाल पैदल रोष मार्च निकाला गया।

मार्च के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र सौंपा और मुख्यमंत्री पर बिना सबूत भाजपा को बदनाम करने का आरोप लगाया।

मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में हो रही बम धमाकों जैसी घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान पंजाब का माहौल खराब कर रहे हैं और लोगों के बीच गलत संदेश जा रहा है। संधू ने कहा कि मुख्यमंत्री बिना किसी प्रमाण के भाजपा को निशाना बना रहे हैं और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पहले मुख्यमंत्री से पूछताछ की जाए और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस मौके पर भाजपा नेता सुखदेव सिंह हनेरियां ने भी पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के डीजीपी भी कई बार यह बयान दे चुके हैं कि बम धमाकों के तार पाकिस्तान और आईएसआई से जुड़े हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री द्वारा भाजपा पर आरोप लगाना पूरी तरह गलत है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा, लूटपाट और गुंडागर्दी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि राज्य सरकार इन पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य पंजाब में मजबूत और पारदर्शी सरकार लाना है, ताकि राज्य को नशा और अपराध मुक्त बनाया जा सके।

 

Exit mobile version