जंडियाला गुरु नेशनल हाईवे पर खड़ी कार में लगी भीषण आग, बाल-बाल बची 4 लोगों की जान

0
32

लाइव भारत / अमृतसर 05-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर पंजाब के जंडियाला गुरु स्थित नेशनल हाईवे पर खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। कार में उस समय चार लोग सवार थे, जिनमें एक 10 साल का बच्चा और एक आर्मी जवान भी शामिल था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित बच गए।

जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग पट्टी क्षेत्र के गांव कच्चे पक्के से जंडियाला गुरु आए थे। कार में मौजूद एक सेना का जवान छुट्टी खत्म करने के बाद ड्यूटी पर वापस जम्मू जा रहा था। परिजन उसे जालंधर में किसी दूसरे फौजी साथी के साथ भेजने के लिए आए थे। इसी दौरान वे दूसरे जवान का इंतजार कर रहे थे, जो अमृतसर से आ रहा था।

इसी बीच अचानक खड़ी कार में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह कार सवारों को बाहर निकाला।प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि असली वजह की जांच की जा रही है।घटना के बाद कार सवारों ने फायर ब्रिगेड की टीम के देरी से पहुंचने पर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।