गुरदासपुर के कलानौर में बड़ी चोरी, दाना मंडी से 70–75 बोरी गेहूं गायब

0
19

लाइव भारत / अमृतसर 01-मई (मनी शर्मा)

पंजाब के गुरदासपुर जिले के ऐतिहासिक कस्बा कलानौर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामले में बीती रात मुख्य दाना मंडी में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक आढ़त से 70 से 75 बोरी गेहूं चोरी कर लिया। जानकारी के अनुसार, एमएल ट्रेडिंग कंपनी के प्रतिनिधि और सरपंच जतींदर कुमार गोरा सलहोत्रा तथा वरिंदर कुमार सलोत्रा ने बताया कि सरकारी खरीद एजेंसी पनग्रेन द्वारा उनकी आढ़त पर गेहूं खरीदा गया था, जिसे एक स्थान पर स्टैक करके रखा गया था। इसी दौरान रात के समय चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए करीब 70 से 75 बोरी गेहूं चोरी कर ली।

इस घटना से आढ़त मालिकों को लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना तुरंत कलानौर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आढ़त प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर उनके नुकसान की भरपाई करवाई जाए। वहीं, इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में डर और रोष का माहौल बना हुआ है।