अमृतसर के मकबूलपुरा में ड्रग तस्कर का घर ध्वस्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 66 वर्षीय मुख्य आरोपी पर 11 FIR

0
20

लाइव भारत / अमृतसर 28-अप्रैल  (मनी शर्मा)

पंजाब के अमृतसर के मकबूलपुरा इलाके में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासन ने एक कुख्यात परिवार के घर को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चल रहे “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत की गई।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जिस परिवार का घर गिराया गया है, वह लंबे समय से ड्रग तस्करी में शामिल रहा है। इस मामले की मुख्य आरोपी 66 वर्षीय सुरिंदर कौर है, जिसके खिलाफ अब तक 11 एफआईआर दर्ज हैं। वह कई बार गिरफ्तार हो चुकी है और पहले ही 10 साल की सजा काट चुकी है। उसके परिवार के अन्य सदस्य भी अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित ड्रग नेटवर्क था।

कमिश्नर ने बताया कि अमृतसर कमिश्नरेट में नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक 634 एनडीपीएस केस दर्ज किए जा चुके हैं और 81 बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 40 किलो से अधिक हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही ड्रग मनी, वाहन और अन्य सबूत भी जब्त किए गए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए नशा तस्करी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है, लेकिन पुलिस इस पर लगातार नजर बनाए हुए है। साथ ही नशा छोड़ने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है और हजारों नशा पीड़ितों को डी-एडिक्शन सेंटरों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कमिश्नर ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि नशा तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे पुलिस का सहयोग करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।