अमृतसर के छेहरटा चौक में दर्दनाक हादसा, 23 वर्षीय युवती की मौके पर मौत

0
17

लाइव भारत / अमृतसर 28-अप्रैल (मनी शर्मा)

पंजाब के अमृतसर के छेहरटा चौक में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें 23 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सलोनी के रूप में हुई है, जो होशियारपुर की रहने वाली बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सलोनी अमृतसर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और अपनी मौसी के पास रह रही थी।

बताया जा रहा है कि सलोनी अपने भाई के साथ एक्टिवा पर जा रही थी, तभी अचानक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवती ट्रॉली के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर मौजूद चश्मदीद मनप्रीत सिंह ने बताया कि ट्रॉली तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रही थी और ओवरलोड होने के कारण उसके ब्रेक भी सही से काम नहीं कर पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रॉली पर नंबर प्लेट भी नहीं थी और हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी रोष देखा गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि इस इलाके में अक्सर रॉन्ग साइड वाहन चलते हैं, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती। लोगों ने मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

वहीं, पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।