गुरदासपुर में जीटी रोड पर फीड स्टोर में चोरी, हजारों की नकदी लेकर फरार हुए चोर, CCTV में कैद वारदात

0
30

लाइव भारत / अमृतसर 04-मई (मनी शर्मा)

गुरदासपुर पंजाब के गुरदासपुर में जीटी रोड पर स्थित एक फीड स्टोर में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान से हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, यह घटना जीटी रोड पर सीताराम पेट्रोल पंप के पास स्थित ‘महिंदर पाल फीड स्टोर’ में हुई। दुकान मालिक चेतन डोगरा ने बताया कि देर रात करीब 2 बजे तीन युवक दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, चोरों ने दुकान के गल्ले में रखी करीब 12,000 से 13,000 रुपये की नकदी चुरा ली और मौके से फरार हो गए। फुटेज में आरोपियों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। दुकानदार ने हैरानी जताते हुए कहा कि जीटी रोड जैसा व्यस्त इलाका, जहां रात के समय भी आवाजाही रहती है और पुलिस गश्त का दावा किया जाता है, वहां इस तरह की वारदात होना चिंता का विषय है।

पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस में एफआईआर दर्ज करवा दी है और प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।