श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश पर्व पर श्री हरमंदिर साहिब में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, रात को होगी दीपमाला और आतिशबाजी

0
16
अमृतसर, 07 अगस्त। मनी शर्मा 

अमृतसर आठवें पातशाह, मानवता की सेवा, दया और विनम्रता का संदेश देने वाले *श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी* के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर *सच्चखंड श्री हरमंदिर साहिब* में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही पंजाब सहित देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने पहुंचे और गुरबाणी कीर्तन का श्रवण कर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान करने के बाद श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेका तथा *सरबत के भले* की अरदास की। प्रकाश पर्व के अवसर पर पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण में रंगा नजर आया और चारों ओर “वाहेगुरु” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।श्री हरमंदिर साहिब के मैनेजर *गुरिंदर सिंह देवीदासपुरा* ने समस्त संगत को श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने मानवता की सेवा, विनम्रता और परोपकार का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रात्रि के समय श्री हरमंदिर साहिब परिसर में विशेष *दीपमाला* की जाएगी तथा भव्य *आतिशबाजी* के माध्यम से इस पावन अवसर को श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।प्रकाश पर्व के अवसर पर लाखों श्रद्धालु गुरु घर की खुशियों में शामिल होने के लिए श्री हरमंदिर साहिब पहुंच रहे हैं। देश और विदेश से आए श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब के चरणों में नतमस्तक होकर संपूर्ण मानवता की खुशहाली, अमन-शांति और चढ़दी कला की अरदास की। रात्रि में होने वाली दीपमाला और आतिशबाजी श्री हरमंदिर साहिब की दिव्यता और इस पावन पर्व की भव्यता को और भी बढ़ाएगी।