पुलिस नाका तोड़कर भागी कार का पीछा कर पुलिस ने किया काबू, 25 पेटियां अवैध शराब बरामद

0
13

रिपोर्ट: लाइव भारत / गुरदासपुर 09-मई (मनी शर्मा)

गुरदासपुर  थाना पुराना शाला पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पुलिस नाका तोड़कर फरार हुई शराब से लदी एक स्विफ्ट कार को पीछा कर काबू कर लिया। पुलिस ने कार से 25 पेटियां अवैध देसी शराब बरामद की हैं। हालांकि आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

जानकारी देते हुए थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि एएसआई निर्मल सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने खास मुखबिर की सूचना पर दरिया ब्यास किनारे स्थित दाऊवाल चौक पोस्ट पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान मुकेरियां की तरफ से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रात करीब 11 बजे रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवारों ने वाहन रोकने की बजाय तेज रफ्तार से भगा लिया।

इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। पीछा करने के दौरान तिब्बड़ थाना क्षेत्र के गांव बब्बरी नंगल के पास आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से पंजाब क्लब मार्का देसी ठेका शराब की 25 पेटियां बरामद हुईं। जांच के दौरान इन पेटियों में कुल 300 बोतलें पाई गईं।

थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य फरार आरोपी की पहचान हरजिंदर पाल सिंह पुत्र नरंजन सिंह निवासी सोहल के रूप में हुई है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी अज्ञात बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।