जंडियाला में मां की हत्या मामले में नया खुलासा, पुलिस ने दर्ज किया केस; आरोपी की तलाश तेज

0
19
लाइव भारत / अमृतसर 30-अप्रैल (मनी शर्मा) 

अमृतसर जंडियाला क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में पुलिस अधिकारी बलदेव सिंह ने जानकारी दी कि थाना जंडियाला के अंतर्गत मुकदमा नंबर 121 दर्ज किया गया है। यह मामला मृतका अमनदीप कौर की मां चरणजीत कौर के बयान के आधार पर दर्ज किया गया है।

*पोते पर लगाया हत्या का आरोप*
पुलिस के अनुसार, चरणजीत कौर ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी अमनदीप कौर की हत्या उसके ही बेटे कर्मवीर सिंह ने की है। आरोप है कि कर्मवीर ने अपनी मां का गला घोंटकर हत्या की। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में डर व गुस्से का माहौल है।
*पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार*
पुलिस ने बताया कि मृतका का पोस्टमॉर्टम करवा लिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा। फिलहाल अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
*गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी*
पुलिस मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी की उम्र करीब 17-18 वर्ष है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि इस हत्या में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
*हर पहलू से जांच जारी*
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और परिवार को भरोसा दिलाया गया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और लोग मामले के जल्द खुलासे की उम्मीद कर रहे हैं।