अमृतसर पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आ रहे थे हथियार

0
57
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 13-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन के तहत अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 6 आधुनिक पिस्तौल और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क पाकिस्तान स्थित तस्करों से जुड़ा हुआ था और ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार मंगवाए जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश, हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन, मनीष सिंह उर्फ मनीष, किशन सिंह और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक ऑपरेशन सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराए जा रहे हथियारों की खेप को आगे अपराधियों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से हथियार बरामद किए।

जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी आकाशदीप सिंह पाकिस्तान स्थित तस्करों के सीधे संपर्क में था। वह अटारी सेक्टर के आसपास ड्रोन के जरिए गिराई गई हथियारों की खेप को उठाकर पंजाब के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था।

दो किलो हेरोइन मामले में पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी आकाशदीप सिंह पहले भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। साल 2020 में थाना लोपोके में दर्ज दो किलो हेरोइन बरामदगी केस में उसे गिरफ्तार किया गया था। वह 23 मार्च 2026 को जेल से बाहर आया था। जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा सीमा पार तस्करों के संपर्क में आकर अपना नेटवर्क सक्रिय कर लिया।

युवाओं और नाबालिगों को बना रहा था गिरोह का हिस्सा

पुलिस के मुताबिक आरोपी इलाके के युवाओं और एक नाबालिग को पैसों का लालच देकर इस अवैध धंधे में शामिल कर रहा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी मजदूरी और प्लंबिंग का काम करते थे, लेकिन कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाहत ने उन्हें अपराध के रास्ते पर धकेल दिया।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब पुलिस सीमा पार से होने वाली हथियार और नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें और अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पाकिस्तान स्थित तस्करों के लिंक की जांच में जुटी हुई है।