अमृतसर देहाती पुलिस का बड़ा एनकाउंटर, दो शूटर गिरफ्तार, दो पिस्तौल बरामद

0
14
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 23-जून (मनी शर्मा)

अमृतसर देहाती पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खलचियां क्षेत्र में एनकाउंटर के दौरान दो कथित शूटरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल भी बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अमृतसर देहाती के एसएसपी *कवलप्रीत सिंह चहल* ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विदेश में बैठकर गैंग संचालित करने वाले *अमनदीप सिंह उर्फ मन्ना* के दो शूटर खलचियां इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साधनों और अपने खुफिया नेटवर्क की मदद से दोनों आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की।

एसएसपी के अनुसार, जब पुलिस टीम ने डेमो वाली नहर के पास दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच जवाबी गोलीबारी हुई। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान एक गोली आरोपी *हीरा सिंह* की टांग में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान *हीरा सिंह* और *लवप्रीत सिंह* के रूप में की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हीरा सिंह के खिलाफ पहले से हत्या का मामला दर्ज है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर अमनदीप सिंह उर्फ मन्ना के लिए काम कर रहे थे, जो यूरोप से अपना गैंग ऑपरेट कर रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक *.32 बोर पिस्तौल* और एक *9 एमएम पिस्तौल* बरामद की है। एसएसपी चहल ने कहा कि विदेशों में बैठकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने वाले तत्वों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान गैंग के नेटवर्क, अन्य आपराधिक घटनाओं और सहयोगियों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।