अमृतसर कार डीलर एसोसिएशन ने नव-नियुक्त आरटीओ हितेश वीर गुप्ता का किया स्वागत, लंबित समस्याओं के जल्द समाधान का मिला आश्वासन

0
6
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 12-मई (मनी शर्मा) 

अमृतसर, पंजाब: अमृतसर कार डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नव-नियुक्त आरटीओ हितेश वीर गुप्ता से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से कार डीलरों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं और प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एसोसिएशन के कोऑर्डिनेटर संजय सागर गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि कार डीलरों को लंबे समय से आरटीओ कार्यालय से संबंधित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, जिन्हें आज नव-नियुक्त आरटीओ के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने कहा कि आरटीओ हितेश वीर गुप्ता ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उनके जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

एसोसिएशन के प्रधान बलजीत सिंह ने आरटीओ का गुलदस्ता और मिठाई भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने बताया कि अमृतसर कार डीलर एसोसिएशन पिछले करीब 40 वर्षों से शहर के ऑटोमोबाइल व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भविष्य में भी विभाग और एसोसिएशन के बीच बेहतर तालमेल और सहयोग बनाए रखने की बात कही।

इस मौके पर एसोसिएशन के पैटर्न नवतेज सिंह, महासचिव अमनदीप सिंह, निशान सिंह, विक्रम सिंह, विकास वोहरा, अश्विनी पूरी सहित अन्य एग्जीक्यूटिव बॉडी सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने बैठक में अपने-अपने सुझाव रखे और विभागीय प्रक्रियाओं को और सुगम बनाने पर चर्चा की।

आरटीओ हितेश वीर गुप्ता ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि आरटीओ कार्यालय से जुड़े सभी कार्यों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि कार डीलरों और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने विभाग और व्यापारिक संगठनों के बीच सकारात्मक संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।