पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का हमला, डॉ. राज कुमार वेरका बोले— प्रदेश में जंगलराज जैसे हालात

0
15
पत्रकारों से बात करते हुए डॉ राज कुमार वेरका
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 20-जुलाई (मनी शर्मा)

अजनाला में बुजुर्ग महिला का कान काटकर सोने की बाली लूटी, लगातार बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग, वेरका बोले— अपराध रोकने में सरकार पूरी तरह विफल

कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक पर भी बोले वेरका, कहा— पंजाब में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी पार्टी

पंजाब में लगातार बढ़ रही लूटपाट, स्नैचिंग, फिरौती और आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. राज कुमार वेरका ने अमृतसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधियों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो गया है।

डॉ. वेरका ने हाल ही में अजनाला में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एक दिन पहले हथियार की नोक पर केले की रेहड़ी लगाने वाले एक युवक से डेढ़ दर्जन केले लूट लिए गए। इसके बाद एक बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां छीन ली गईं। अगले ही दिन एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने एक बुजुर्ग महिला के कान से सोने की बाली खींचते हुए उसका आधा कान ही काट दिया। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं साबित करती हैं कि पंजाब में आम लोग, खासकर महिलाएं और बुजुर्ग, खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

कांग्रेसी नेता ने कहा कि पंजाब में जिस तरह दिनदहाड़े लूट, स्नैचिंग और फिरौती की वारदातें हो रही हैं, उससे साफ है कि सरकार अपराध पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि टेलीविजन चैनलों पर लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां बहन-बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं के कान काटकर उनकी सोने की बालियां लूटी जा रही हैं, लेकिन सरकार और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

डॉ. वेरका ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार से कानून-व्यवस्था नहीं संभल रही है तो मुख्यमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूरी तरह बेबस नजर आ रही है और अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है क्योंकि मौजूदा सरकार लोगों को सुरक्षा देने में असफल साबित हुई है।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय नेतृत्व की भागीदारी होगी। इस बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने, आने वाली राजनीतिक रणनीति तैयार करने तथा पूरे प्रदेश में नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा होगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ पंजाब में जनता के बीच उतरेगी।

डॉ. वेरका ने केंद्र सरकार की आर्थिक और व्यापारिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संस्थानों, सरकारी कंपनियों और सार्वजनिक उपक्रमों का लगातार निजीकरण किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक समझौतों के जरिए किसानों के हितों से भी समझौता किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, मजदूरों और आम लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

अंत में डॉ. राज कुमार वेरका ने कहा कि पंजाब में बढ़ते अपराध, महिलाओं की असुरक्षा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए। यदि सरकार ऐसा करने में असफल रहती है तो पंजाब की जनता आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।