भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ पंजाब में किसानों का प्रदर्शन, मोदी और ट्रंप के पुतले फूंके

0
13
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 26-जून (मनी शर्मा)

अमृतसर भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में पंजाब भर में किसान संगठनों ने बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया। राज्य के 21 जिलों में किसानों ने रैली और विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री *नरेंद्र मोदी* और अमेरिका के राष्ट्रपति *डोनाल्ड ट्रंप* के पुतले फूंककर अपना रोष व्यक्त किया। अमृतसर में किसान नेता सरवण सिंह पंधेर की अगुवाई में बड़ी संख्या में किसान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भारत-अमेरिका ट्रेड समझौते को किसान विरोधी बताया।किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच होने वाली ट्रेड डील को जुलाई के अंत तक लागू करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस महत्वपूर्ण समझौते को अंतिम रूप देने से पहले किसानों, मजदूरों और कृषि क्षेत्र से जुड़े संगठनों से कोई चर्चा नहीं की गई। पंधेर ने कहा कि यदि यह ट्रेड डील लागू होती है तो पंजाब सहित देशभर के किसानों, खेत मजदूरों और डेयरी सेक्टर से जुड़े लोगों को गंभीर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि विदेशी कृषि और डेयरी उत्पादों के लिए बाजार खुलने से स्थानीय उत्पादकों की आय प्रभावित होगी और कृषि क्षेत्र पर दबाव बढ़ेगा।किसान संगठनों ने केंद्र सरकार से इस समझौते को तत्काल वापस लेने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया और ट्रेड डील को रद्द नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि किसान अपने अधिकारों, कृषि क्षेत्र और डेयरी उद्योग की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान किसी भी ऐसी नीति का विरोध करेंगे जिससे खेती-किसानी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचने की आशंका हो।