रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 25-मई (मनी शर्मा)
अमृतसर पंजाब के ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद गुरुद्वारा परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और संगत में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुद्वारा साहिब परिसर में नए लंगर हॉल और बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण कार्य के दौरान छत (लैंटर) के लिए लगाई गई भारी लोहे की प्लेटें अचानक नीचे गिर गईं। उस समय नीचे कई महिलाएं चौपहरा काटने और सेवा कार्य में जुटी हुई थीं। प्लेटों के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई महिलाएं मलबे की चपेट में आ गईं।![]()
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को तत्काल श्री गुरु रामदास अस्पताल और माता कौला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना में घायल महिलाओं ने बताया कि वे अजनाला, चमियारी और आसपास के गांवों से सेवा करने के लिए गुरुद्वारा साहिब आई थीं। एक घायल महिला ने बताया कि अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई और इसके बाद वह बेहोश हो गई। वहीं दूसरी महिला ने बताया कि उसके हाथ में गंभीर चोट आई है और उसे कई टांके लगाने पड़े हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुद्वारा परिसर में चल रहे निर्माण कार्य की कार सेवा की जिम्मेदारी बाबा कश्मीर सिंह भूरी वाले को सौंपी गई थी। रविवार होने के कारण गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी अधिक थी।हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। एडीसीपी अमनदीप कौर ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने लोगों से अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की ताकि उपचार कार्य प्रभावित न हो।इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। संगत और स्थानीय लोगों ने मृतक महिलाओं के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की अरदास की जा रही है।




