गुरदासपुर में सरपंच के घर पर देर रात फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने किए 4-5 राउंड फायर; पुलिस जांच में जुटी

0
11
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 30-जून (मनी शर्मा)

पंजाब के गुरदासपुर जिले के थाना सदर क्षेत्र अंतर्गत *गांव चोर सिद्धवां* में देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा मौजूदा सरपंच *मनजिंदर सिंह* के घर के बाहर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके से चार खाली कारतूस बरामद कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सरपंच के घर के बाहर पहुंचे। इनमें से एक युवक बाइक से उतरकर घर के मुख्य गेट के सामने खड़ा हुआ और ताबड़तोड़ *4 से 5 राउंड फायरिंग* कर फरार हो गया। फायरिंग के निशान घर के मुख्य गेट पर साफ दिखाई दे रहे हैं।

सरपंच *मनजिंदर सिंह* ने बताया कि वह रात करीब *12 बजे* अपने घर पहुंचे थे। लगभग *डेढ़ बजे* उन्हें तेज आवाज सुनाई दी, लेकिन उन्होंने इसे पटाखों की आवाज समझकर नजरअंदाज कर दिया। सुबह उठने पर घर के परिसर में गोलियों के दो खोखे दिखाई दिए, जिसके बाद उन्होंने तुरंत थाना सदर पुलिस को सूचना दी। सरपंच ने बताया कि उन्हें कभी किसी प्रकार की फिरौती की कॉल नहीं आई और न ही उनकी किसी से ऐसी व्यक्तिगत दुश्मनी है, जिसके चलते उन पर हमला किया जाए। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही *डीएसपी शाहबाज सिंह* और थाना सदर गुरदासपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चार खाली खोखे बरामद किए। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे *CCTV कैमरों की फुटेज* खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।