नशा मुक्ति यात्रा के दूसरे दिन अमृतसर की तीन विधानसभा क्षेत्रों में पहुंची बीजेपी की यात्रा, लोगों को किया जागरूक

0
12
लाइव भारत अमृतसर (मनी शर्मा)

अरविंदर सिंह लवली बोले- युवाओं को नशे से निकालकर रोजगार, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य देना भाजपा का लक्ष्य

तरुण चुग ने भगवंत मान सरकार पर साधा निशाना, कहा- नशा खत्म करने के वादे के बावजूद समस्या पर नहीं लगा अंकुश

अमृतसर, 24 सितंबर: पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की ओर से अमृतसर के पांच विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रही ‘नशा मुक्ति यात्रा’ के दूसरे दिन केंद्रीय, दक्षिणी और पूर्वी विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाली गई। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

यात्रा के दूसरे दिन केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम की शुरुआत लाहौरी गेट से हुई। केंद्रीय विधानसभा इंचार्ज डॉ. राम चावला के नेतृत्व में आयोजित जनसभा में दिल्ली से पहुंचे सांसद तरुण चुग, पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, पूर्व मंत्री एवं विधायक अरविंदर सिंह लवली, पंजाब यात्रा के इंचार्ज रविकर्ण सिंह काहलों, प्रदेश सचिव एवं सह-इंचार्ज सूरज भारद्वाज सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

यात्रा लाहौरी गेट से शुरू होकर लोहगढ़ चौक, हाथी गेट चौक, हॉल गेट चौक, हॉल बाजार और कटरा जैमल सिंह से होते हुए केंद्रीय वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में सामाजिक संगठनों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा तथा नारों के साथ यात्रा का स्वागत किया।

दक्षिणी और पूर्वी विधानसभा में भी निकली यात्रा

दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में यात्रा की शुरुआत खजाना वाला गेट से हुई। विधानसभा इंचार्ज हरजिंदर सिंह ठेकेदार के नेतृत्व में यात्रा हकीमां वाला, भगतां वाला, गिलवाली गेट, चाटीविंड चौक, नाले वाली रोड और सुल्तानविंड रोड से होते हुए 100 फुटी सड़क पर पहुंचकर संपन्न हुई।

वहीं, पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा इंचार्ज डॉ. जगमोहन सिंह राजू और जिला उपाध्यक्ष मोहित महाजन के नेतृत्व में यात्रा 100 फुटी रोड से शुरू हुई। यात्रा मकबूलपुरा चौक, बस स्टैंड और हुसैनपुरा चौक से होते हुए शिवाला भाग भाईयां पहुंची।

यात्रा के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं पार्षद गौरव गिल के नेतृत्व में सैकड़ों मोटरसाइकिल सवारों ने यात्रा की अगुवाई की। कार्यकर्ताओं ने हाथों में नशा विरोधी पोस्टर, भाजपा के झंडे और तख्तियां लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

अरविंदर सिंह लवली बोले- युवाओं को सुरक्षित भविष्य देना भाजपा का लक्ष्य

भाजपा नेता अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि पंजाब नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और भाजपा इस मुद्दे को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालकर उन्हें रोजगार, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना है।

लवली ने कहा कि भाजपा पंजाबियों की सुरक्षा, सुविधा और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और सुशासन का उल्लेख करते हुए पंजाब को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की बात कही।

तरुण चुग ने पंजाब सरकार पर लगाए आरोप

सांसद तरुण चुग ने अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले नशा खत्म करने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन उनके अनुसार राज्य में नशे की समस्या पर अपेक्षित अंकुश नहीं लग पाया है।

चुग ने पंजाब सरकार से नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और कहा कि ‘नशा मुक्ति यात्रा’ का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना और पंजाब को नशे की समस्या से बाहर निकालने के लिए जन-जागरूकता पैदा करना है।

भाजपा नेताओं ने दोहराया नशा मुक्त पंजाब का संकल्प

भाजपा जिलाध्यक्ष सलिल कपूर, डॉ. राम चावला, हरजिंदर सिंह ठेकेदार और डॉ. जगमोहन सिंह राजू ने नशा मुक्त पंजाब बनाने का संकल्प दोहराया। नेताओं ने कहा कि भाजपा युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जागरूकता अभियान जारी रखेगी।

इस दौरान राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, जिला टीम के सदस्य, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मंडल अध्यक्ष एवं उनकी टीमें, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।