लाइव भारत अमृतसर (मनी शर्मा)
गुरदासपुर के एक निजी स्कूल से जुड़ा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले स्कूल की ओर से पांचवीं कक्षा के करीब 10 वर्षीय बच्चे पर स्कूल में कथित तौर पर बीयर लाने के आरोप लगाए गए थे। अब इसी मामले की जांच के दौरान स्कूल के बच्चों के बाथरूम में कैमरा लगे होने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि ह्यूमन राइट्स कमीशन की टीम स्कूल में जांच के लिए पहुंची थी। इसी दौरान टीम के सदस्यों को बच्चों के बाथरूम में ऊपर की तरफ कैमरा लगा हुआ दिखाई दिया। इस पर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच करवाने की बात कही है।
बच्चे पर लगाए गए आरोपों को लेकर भी विवाद
जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रशासन की ओर से पांचवीं कक्षा के एक बच्चे पर स्कूल में बीयर लेकर आने के आरोप लगाए गए थे। इसके बाद बच्चे के अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच विवाद शुरू हो गया था।
परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की ओर से बच्चे पर लगाए गए आरोपों को साबित करने के लिए अभी तक पर्याप्त सबूत सामने नहीं रखे गए हैं। परिवार का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण बच्चा और उसके परिजन मानसिक दबाव में हैं।
ह्यूमन राइट्स टीम ने कहा—जांच के बाद होगी कार्रवाई
ह्यूमन राइट्स टीम के सदस्यों ने कहा कि बच्चे पर लगाए गए आरोपों और उसके खिलाफ की गई कार्रवाई की जांच की जाएगी। टीम के अनुसार, यदि किसी बच्चे के खिलाफ बिना पर्याप्त साक्ष्य के कार्रवाई की गई है, तो मामले की जांच के बाद नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बच्चों के बाथरूम में कैमरा लगाए जाने के संबंध में टीम ने इसे गंभीर विषय बताया और कहा कि इस मामले की भी जांच की जाएगी। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल स्कूल के बाथरूम में कैमरा लगाने के पीछे क्या उद्देश्य था और कैमरा किस स्थिति में लगाया गया था, इसकी आधिकारिक जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।




