फतेहगढ़ चूड़ियां में बड़ा हादसा, कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

0
43
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 29-मई (मनी शर्मा)

पंजाब के फतेहगढ़ चूड़ियां में बीती देर रात बड़ा हादसा हो गया, जब बाठ मार्केट के नजदीक एक कपड़े की दुकान में अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि दुकान के अंदर रखा सारा कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि दुकान के ऊपर बने मकान में सो रहे परिवार के 9 सदस्य बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार दुकान के ऊपर ही परिवार का मकान बना हुआ था, जहां बच्चे और बुजुर्ग समेत परिवार के सदस्य सो रहे थे। रात के समय जब परिवार की महिला सदस्य हरमनप्रीत कौर पानी पीने के लिए उठीं तो उन्होंने घर के अंदर धुआं ही धुआं देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे परिवार के बाकी सदस्य तुरंत नीचे आए। नीचे आकर देखा गया कि कपड़े की दुकान से आग की तेज लपटें निकल रही थीं।

परिवार के सदस्य निर्मल सिंह सोनू और पड़ोसी अश्विनी कुमार रिंपी ने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने मिलकर आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक दुकान पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

तीसरी मंजिल पर फंसे मां-बेटे को बचाया गया

आग लगने के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सात सदस्य तो किसी तरह नीचे उतर आए, लेकिन एक महिला और उसका छोटा बच्चा तीसरी मंजिल की छत पर फंस गए। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और दोनों को सुरक्षित नीचे उतारा।

फतेहगढ़ चूड़ियां में फायर ब्रिगेड की मांग फिर उठी

इस हादसे के बाद एक बार फिर फतेहगढ़ चूड़ियां में स्थायी फायर ब्रिगेड स्टेशन की मांग जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर शहर में फायर ब्रिगेड की सुविधा मौजूद होती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

मौके पर पहुंची पुलिस, त्रिपत बाजवा ने परिवार से की मुलाकात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। वहीं हलका विधायक त्रिपत राजिंदर सिंह बाजवा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दुख साझा किया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।