अमृतसर में मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन शुरू, 25 जून से घर-घर जाएंगे BLO: डिप्टी कमिश्नर

0
11
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 27-मई (मनी शर्मा)

31 जुलाई को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 1 अक्टूबर को अंतिम सूची जारी

अमृतसर, 27 मई: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पंजाब में शुरू की जा रही मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 को लेकर जिला प्रशासन अमृतसर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने जिले के सभी चुनाव पंजीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक चुनाव पंजीकरण अधिकारियों (AERO) को निर्देश जारी करते हुए इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा है।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले के 11 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए 55 अतिरिक्त सहायक चुनाव पंजीकरण अधिकारी, 2 सुपरवाइजर, 5 जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर और 2134 बी.एल.ओ. नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बी.एल.ओ. घर-घर जाकर मतदाताओं से फॉर्म भरवाएंगे। इसके बाद 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मतदाता सूची संबंधी दावे और आपत्तियां 30 अगस्त 2026 तक स्वीकार की जाएंगी, जबकि उनका निपटारा 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के लिए 1 अक्टूबर 2026 को योग्यता तिथि निर्धारित की गई है। साथ ही पोलिंग स्टेशनों के पुनर्गठन का कार्य भी 24 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि बी.एल.ओ. को इस प्रक्रिया संबंधी विशेष प्रशिक्षण देने के लिए 15 जून से 20 जून 2026 तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि मतदाता सूची संशोधन कार्य पारदर्शी और सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।