बढ़ती गर्मी के चलते पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव

0
40
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 25-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर, पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव जैसी परिस्थितियों को देखते हुए पंजाब सरकार ने राज्यभर के सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव करने का अहम फैसला लिया है। सरकार के नए आदेशों के तहत अब पंजाब के सभी सरकारी दफ्तर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कार्य करेंगे।

सरकार का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य आम जनता और सरकारी कर्मचारियों को तेज गर्मी से राहत प्रदान करना है। सुबह के अपेक्षाकृत ठंडे समय में कार्यालयों के संचालन से लोगों को अपने सरकारी कार्य आसानी से करवाने में सुविधा मिलेगी और कर्मचारियों को भी अत्यधिक गर्मी से बचाव होगा।

इस संबंध में अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार के निर्देशों को जिले में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंच रहे हैं तथा प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि नए समय की पूरी तरह पालना हो।

डीसी ने बताया कि पहले दिन कुछ लोग पुराने समय के अनुसार सरकारी दफ्तर पहुंचे, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नए कार्यालय समय की जानकारी रखें और सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच ही अपने कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों में पहुंचें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि नए समय के दौरान लोगों के सभी सरकारी कार्य समयबद्ध और सुचारू तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही विभागों को भी निर्देश दिए गए हैं कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

गौरतलब है कि पंजाब में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में सरकार का यह फैसला राहत भरे कदम के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और जरूरी कार्य सुबह के समय ही निपटाएं।