भारत-पाक सीमा के पास संदिग्ध हालत में युवक पकड़ा गया, बीएसएफ कर रही पूछताछ

0
9

रिपोर्ट: लाइव भारत डेस्क अमृतसर 13-मई (मनी शर्मा) 

अमृतसर ग्रामीण के थाना रमदास क्षेत्र अंतर्गत भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बीएसएफ जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई बीओपी दरिया मंसूर के नजदीक की गई, जहां सीमा पर तैनात जवानों ने फेंसिंग के पास एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा।

जानकारी के मुताबिक 117 बटालियन बीएसएफ के जवान सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जवानों की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी, जो सीमा के संवेदनशील इलाके में संदिग्ध गतिविधियां करता दिखाई दिया। जवानों ने तुरंत उसे रुकने का इशारा किया और मौके पर ही काबू कर लिया।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान आदी मलिक पुत्र देबा मलिक निवासी ओडिशा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह सीमावर्ती इलाके में किस उद्देश्य से पहुंचा था।

सूत्रों के अनुसार मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना के बाद भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियां युवक के संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।