अमृतसर में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग: बच्चों को ट्यूशन से लेने गया था, हालत गंभीर

0
21

लाइव भारत / अमृतसर 04-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर पंजाब के अमृतसर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बच्चों को ट्यूशन से लेने गए एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना अमृतसर के जंडियाला इलाके की है। घायल युवक की पहचान गुरपिंदर सिंह (उम्र करीब 34 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चों को ट्यूशन से घर लाने गया था, तभी रास्ते में कुछ हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर लगातार गोलियां चला दीं।

सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने युवक पर करीब चार गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार का आरोप है कि यह हमला चुनावी रंजिश के चलते किया गया है। उन्होंने बताया कि गुरपिंदर सिंह का संबंध कांग्रेस पार्टी से था, जिस वजह से उसे निशाना बनाया गया।

वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हमले के पीछे की असली वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।