अमृतसर में कैदियों की बस रास्ते में खराब, पुलिसकर्मियों ने लगाया धक्का; वायरल वीडियो से सुरक्षा पर सवाल

0
20

लाइव भारत / अमृतसर 28-अप्रैल (मनी शर्मा) 

पंजाब के अमृतसर में खजाना गेट के बाहर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कैदियों को अदालत ले जा रही पुलिस बस अचानक रास्ते में खराब हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों को बस से उतरकर उसे धक्का लगाते हुए देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिस कर्मचारी कैदियों से भरी बस को चालू करने के लिए हाथों से धक्का लगा रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद अमृतसर सेंट्रल जेल प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यह प्रशासन की लापरवाही और तैयारी की कमी को दर्शाता है।

इस घटना ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। अगर इस दौरान कोई अप्रिय घटना घट जाती या कैदी फरार हो जाते, तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती थी। स्थानीय लोगों का मानना है कि कैदियों के ट्रांसपोर्ट के लिए इस्तेमाल की जाने वाली गाड़ियों की हालत और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जानी चाहिए।

फिलहाल यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।