AAP सरपंच पर घर के बाहर हथियारों के साथ धमकाने का आरोप, CCTV वीडियो वायरल

0
18

लाइव भारत / मनी शर्मा अमृतसर- 24-अप्रैल -2026

पंजाब के एक गांव बख्शीवाला में ट्रांसफार्मर की तारों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर टकराव में बदल गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच पर आरोप है कि वह अपने साथियों के साथ तेजधार हथियार लेकर एक व्यक्ति के घर के बाहर पहुंचे, गाली-गलौज की और धमकियां दीं। इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ित सुखविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि सरपंच और उसके साथियों ने रात करीब 10:30 बजे उसके घर के बाहर आकर हंगामा किया, गंदी गालियां दीं और गेट पर हमला भी किया। CCTV फुटेज में कुछ लोग हथियारों के साथ घर के बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं और एक व्यक्ति गेट पर वार करता नजर आ रहा है।

सुखविंदर सिंह, जो डेयरी और मिठाई का कारोबार करते हैं, ने बताया कि वह अपने घर की बिजली सप्लाई को एक फेज से तीन फेज में बदलवाना चाहते थे। इसी बात को लेकर सरपंच के साथ उनकी कहासुनी हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अगली सुबह जब वह अपने काम के लिए गांव की तरफ जा रहे थे, तो उनकी कार पर भी तेजधार हथियार से हमला किया गया। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहे।

पीड़ित का यह भी कहना है कि उन्होंने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन सरपंच के प्रभाव के कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी आरोपियों की होगी।

वहीं, दूसरी ओर सरपंच जतींदर सिंह और उनके साथी जगदीप सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि पहले सुखविंदर सिंह के एक साथी ने शराब के नशे में उन्हें फोन कर धमकाया और उकसाया था, जिसकी कॉल रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है।

सरपंच पक्ष का दावा है कि सुखविंदर सिंह जबरन उनके घर के सामने से बिजली की तारें निकलवाना चाहता है, जिससे उनके परिवार को खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी हालत में जबरदस्ती नहीं होने देंगे और अगर आगे भी दबाव बनाया गया तो उसका जवाब दिया जाएगा। फिलहाल मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस जांच की मांग उठ रही है।