लाइव भारत / मनी शर्मा गुरदासपुर 10-मार्च -2026
पंजाब के गुरदासपुर में 5 मार्च को हुई करीब 7 करोड़ रुपये की बड़ी लूट के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 1 किलो सोने के गहने और 32 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 85 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक 5 मार्च को गुरदासपुर के सुनार वरुण महाजन के घर में पांच लोग निहंग सिंह के भेष में पहुंचे थे। आरोपियों ने घर में घुसकर परिवार के सभी सदस्यों को बांध दिया और करीब 7 करोड़ रुपये के कैश व गहनों की लूट कर ली। लुटेरे जाते समय सुनार की कार भी अपने साथ ले गए थे।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी असली निहंग सिंह नहीं हैं, बल्कि उन्होंने केवल निहंग का भेष बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि इस मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि लूट की पूरी साजिश और बाकी साथियों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।
गिरफ्तार आरोपी: राजबीर सिंह उर्फ राजा, बलविंदर सिंह उर्फ बूट्टा, सिमरनजीत सिंह सीमा, कुलबीर सिंह
पुलिस के मुताबिक सभी गिरफ्तार आरोपी बटाला क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनसे आगे की पूछताछ में कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।




