Site icon Live Bharat

12 जुलाई को अमृतसर राइडर्स द्वारा पुल मोरां (पुल कंजरी) युद्ध स्मारक तक स्मृति मोटरसाइकिल यात्रा का आयोजन किया जाएगा

रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 10-जुलाई (मनी शर्मा)

उपायुक्त-सह-जिला मजिस्ट्रेट, अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह, आईएएस ने जानकारी देते हुए बताया कि सिख रेजीमेंट के वीर सैनिकों के साहस, बलिदान और गौरवशाली विरासत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से अमृतसर राइडर्स द्वारा रविवार, 12 जुलाई, 2026 को पुल मोरां (पुल कंजरी) युद्ध स्मारक तक एक स्मृति मोटरसाइकिल यात्रा (Commemorative Memorial Ride) का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस स्मृति यात्रा में भारतीय सेना के जवानों तथा नागरिक मोटरसाइकिल राइडर्स की सहभागिता रहेगी, जो देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

यह यात्रा कंपनी बाग, अमृतसर से प्रातः 5:30 बजे प्रतिभागियों के एकत्र होने के उपरांत प्रारंभ होगी। इसके बाद मोटरसाइकिल काफिला लगभग 25 किलोमीटर (एक तरफ) की दूरी तय करते हुए लगभग 30 मिनट में पुल मोरां (पुल कंजरी) युद्ध स्मारक पहुंचेगा। श्री दलविंदरजीत सिंह ने मोटरसाइकिल प्रेमियों, पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों तथा देशभक्त नागरिकों से अपील की कि वे अनुशासन एवं सम्मान की भावना के साथ इस स्मृति यात्रा में शामिल होकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने तथा सिख रेजीमेंट के वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान की गौरवशाली विरासत को सदैव जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से यातायात नियमों का पालन करने, पूर्ण अनुशासन बनाए रखने तथा यात्रा के दौरान आपसी सम्मान और भाईचारे की भावना बनाए रखने की भी अपील की।

“गौरव के साथ चलें, सम्मान के साथ स्मरण करें।” जय हिंद।

Exit mobile version