Site icon Live Bharat

डेरा बाबा नानक के गांव मोहलोवाली में जल निकासी व्यवस्था बदहाल, सड़क बनी तालाब; ग्रामीणों ने डीसी गुरदासपुर और पंजाब सरकार से लगाई गुहार

रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 25-जुलाई (मनी शर्मा)

डेरा बाबा नानक (गुरदासपुर):* पंजाब के सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्र *डेरा बाबा नानक* के गांव *मोहलोवाली* में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव मोहलोवाली से *मलूकवाली* और *उद्दोवाली* को जोड़ने वाली लिंक सड़क पर लंबे समय से गंदा पानी जमा है, जिससे सड़क तालाब का रूप धारण कर चुकी है।ग्रामीण *विजय सोनी मोहलोवाली, लखविंदर सिंह, मनजीत सिंह* तथा अन्य गांववासियों ने बताया कि सड़क पर लगातार खड़े गंदे पानी के कारण न केवल स्थानीय लोगों बल्कि राहगीरों को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और सुबह-शाम गुरुद्वारा साहिब जाने वाली संगत को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय तक गंदे पानी में आने-जाने से लोगों के पैरों में संक्रमण और अन्य त्वचा संबंधी समस्याएं पैदा हो रही हैं। वहीं, सड़क पर जमा गंदे पानी में मच्छरों, मक्खियों और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं की संख्या बढ़ने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इस मौके पर गांववासियों ने *डिप्टी कमिश्नर गुरदासपुर* और *पंजाब सरकार* से मांग की कि गांव की जल निकासी व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए और सड़क पर जमा गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित बीमारियों से बचाव हो सके।

 

Exit mobile version