लाइव भारत / अमृतसर 07-मई (मनी शर्मा)
अमृतसर के पॉश इलाके ग्रीन एवेन्यू में समाज सेवक रितेश राणा के घर पर हमले की कोशिश के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। घटना के विरोध में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
एकजुट हुआ समाज, इंसाफ की मांग तेज
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए शहर की कई प्रमुख हस्तियां आगे आईं। पुलिस कमिश्नर को सौंपे गए ज्ञापन के दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इनमें बाबा पंकज नाथ शेरगिल (वाल्मीकि समाज), बाबा हरप्रीत सिंह निहंग (जत्थेदार), जगदीप सिंह मोंटी (वार्ड प्रधान, वार्ड नं. 84), हरसिमरन सिंह (जस्ट सेवा सोसाइटी), माणिक अली (ऑल इंडिया मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन), रोहन मेहरा (सामाजिक कार्यकर्ता) तथा एंटी क्राइम एंड एनिमल प्रोटेक्शन एसोसिएशन (पंजाब) शामिल रहे।
कमिश्नर से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधियों ने पुलिस कमिश्नर को मामले की गंभीरता से अवगत कराते हुए कहा कि किसी के घर में घुसकर हमला करने की कोशिश शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने मांग की कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा मुहैया करवाई जाए।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को एक मामूली सड़क हादसे के बाद विवाद शुरू हुआ था। यह विवाद 2 मई की रात को गंभीर रूप ले बैठा, जब चार युवक रितेश राणा के घर में घुस आए और उनके कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने उनकी पत्नी को भी धमकियां दीं, जिससे परिवार दहशत में है। घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है और विभिन्न समुदायों द्वारा एकजुट होकर न्याय की मांग तेज कर दी गई है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी जल्दी और प्रभावी कार्रवाई करता है।
