विधायक गुरदीप सिंह रंधावा की प्रेस कॉन्फ्रेंस: पंजाब पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद, कालानौर घोटाले में 8 कर्मचारियों पर केस दर्ज

0
10

लाइव भारत/ मनी शर्मा अमृतसर, 26 फरवरी 2026

अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेताओं द्वारा पंजाब पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने हमेशा कानून के अनुसार कार्रवाई की है और महज 72 घंटों में इंसाफ मुहैया कराना उसकी पेशेवर क्षमता को दर्शाता है।

विधायक गुरदीप सिंह रंधावा

रंधावा ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा द्वारा पुलिस पर आरोप लगाना निंदनीय है। उन्होंने दावा किया कि जब सुखजिंदर रंधावा जेल मंत्री थे, उस दौरान लखनऊ में अंसारी परिवार द्वारा उनके स्वागत किए जाने की बात सामने आई थी, जिस पर कांग्रेस को स्पष्टीकरण देना चाहिए।

विधायक ने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने की बजाय अपने शासनकाल के फैसलों पर जवाबदेही निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

कालानौर घोटाला: 8 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

कालानौर घोटाले पर बोलते हुए गुरदीप रंधावा ने कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत से बड़ा घोटाला किया गया। उस समय सुखजिंदर रंधावा स्वयं मंत्री पद पर थे। इस मामले में 8 कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिसमें एक बीडीपीओ भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में एफआईआर पंजाब विजिलेंस के पास दर्ज है और सभी दस्तावेज उपलब्ध हैं।

“पुलिस का मनोबल तोड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने कहा कि वे दिल से पंजाब पुलिस का सम्मान करते हैं और पुलिस का मनोबल गिराने वाली किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार और पुलिस की प्राथमिकता है तथा किसी भी राजनीतिक दबाव में आकर कार्रवाई नहीं रोकी जाएगी।