रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर -जुलाई (मनी शर्मा)
गुरदासपुर के *मकोड़ा पत्तन* स्थित *रावी नदी* पर बनाए गए पंटून पुल को हटाए जाने के बाद स्थानीय लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार को नदी पार कर रही एक छोटी नाव में अचानक पानी भर जाने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि नाव किनारे के पास होने और स्थानीय लोगों व नाविकों की सतर्कता के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव जैसे ही यात्रियों को लेकर नदी पार कर किनारे पहुंची, तभी उसमें अचानक पानी भरने लगा। नाव में उस समय महिलाएं, छोटे बच्चे और अन्य यात्री सवार थे। पानी भरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों और नाविकों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान कई बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को नदी के उथले हिस्से से पैदल होकर बाहर आना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंटून पुल हटने के कारण अब उन्हें मजबूरी में नाव के जरिए रावी नदी पार करनी पड़ रही है, जिससे हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
इस बीच नदी पार के गांवों की महिलाओं ने बताया कि *शुक्रवार* को भी इसी स्थान पर एक छोटी नाव पलट गई थी। उस घटना में भी सभी यात्री बाल-बाल बच गए थे। शुक्रवार की घटना में नाव पर सवार रही एक महिला ने बताया कि नाव पलटते ही सभी यात्री बुरी तरह घबरा गए थे और उनकी सांसें थम सी गई थीं। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि नाव किनारे के पास थी और नदी में पानी का स्तर कम था, इसलिए कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रावी नदी पार करने के लिए सुरक्षित और स्थायी व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
