लाइव भारत / अमृतसर 28-अप्रैल (मनी शर्मा)
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा “ऑपरेशन संपर्क” के तहत मानव निकेतन स्कूल में एक विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय निवासियों के साथ सीधे संवाद किया।
बैठक में विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए और अपने सवाल पूछे। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए उन्हें समाज में जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों और नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम के दौरान पुलिस को कई बड़ी सफलताएं मिली हैं और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन संपर्क” का मुख्य उद्देश्य आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोग अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर साझा कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों की सोच तेज होती है और उनके सुझाव समाज के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, अमृतसर में अब तक 5000 से अधिक नशा पीड़ितों को डि-एडिक्शन सेंटरों में भर्ती कराया गया है। साथ ही, सीमा पार से ड्रोन के जरिए हो रही नशे की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पुलिस के साथ मिलकर नशा और अपराध मुक्त अमृतसर बनाने में सहयोग करें। इसके अलावा, उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्ट या गलत काम करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी सख्त “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जा रही है।
