रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 16-मई (मनी शर्मा)
धान की बुवाई से पहले डीजल महंगा करना किसानों के खिलाफ साजिश — कुलदीप सिंह धालीवाल
Amritsar में आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता और विधायक Kuldeep Singh Dhaliwal ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में किए गए इजाफे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां किसान, पंजाब और आम जनता विरोधी हैं तथा इस फैसले से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
धालीवाल ने कहा कि सुबह उठते ही लोगों को पेट्रोल, डीजल और CNG की बढ़ी हुई कीमतों का झटका लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है जब पंजाब में धान की बुवाई की तैयारी चल रही है। किसान गेहूं संभालकर खेत तैयार कर रहे हैं और 1 जून से धान की रोपाई शुरू होनी है।
उन्होंने कहा कि डीजल की कीमत में ₹3.11 प्रति लीटर की बढ़ोतरी सीधे तौर पर किसानों की कमर तोड़ने वाला फैसला है। धालीवाल ने कहा कि पंजाब देश के अन्न भंडार में सबसे बड़ा योगदान देता है और खेतीबाड़ी में अहम भूमिका निभाता है, ऐसे में डीजल महंगा करना किसानों और पंजाब पर सीधा हमला है।
MSP के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए धालीवाल ने कहा कि धान के MSP में केवल ₹72 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। उनके मुताबिक इसका मतलब किसानों को प्रति किलो मात्र 72 पैसे का फायदा मिला, जबकि डीजल ₹3.11 प्रति लीटर महंगा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि डीजल की कीमतें बढ़ने से ट्रांसपोर्ट खर्च भी बढ़ेंगे, जिसका असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों के खर्च बढ़ने से खाने-पीने और रोजमर्रा इस्तेमाल की वस्तुएं भी महंगी होंगी।
रूस से तेल खरीद के मुद्दे पर भी धालीवाल ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले भारत को सस्ता तेल मिल रहा था, लेकिन अब जनता को महंगा ईंधन खरीदना पड़ रहा है। इस दौरान धालीवाल ने पंजाब में शुरू होने जा रही SIR प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह का माहौल पश्चिम बंगाल में बनाया गया था, उसी तरह की कोशिश पंजाब में भी की जा रही है। नगर निगम और नगर काउंसिल चुनावों को लेकर उन्होंने Bikram Singh Majithia पर भी तंज कसते हुए कहा कि पंजाब में हर व्यक्ति को NOC मिल रही है और किसी के साथ धक्केशाही नहीं की जा रही।
