पटियाला रेल ट्रैक ब्लास्ट के बाद पंजाब में हाई अलर्ट, अमृतसर समेत बड़े स्टेशनों पर सख्त चेकिंग

0
19

लाइव भारत / अमृतसर 28-अप्रैल (मनी शर्मा)

पंजाब के पटियाला में बीती रात रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। खासतौर पर अमृतसर समेत बड़े रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशन पर आने-जाने वाले हर यात्री की तलाशी ली जा रही है और सामान की भी गहन जांच की जा रही है। इसके अलावा ट्रेनों में भी सुरक्षा टीमों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। हर प्लेटफॉर्म पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है, जिससे यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

सूत्रों के मुताबिक इस ब्लास्ट मामले में जगरूप सिंह नाम के एक युवक का नाम सामने आ रहा है, जो तरनतारन जिले के गांव पंजवड़ से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।

रेलवे डीएसपी अरविंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सामान्य रूप से भी चेकिंग की जाती है, लेकिन इस तरह की घटना के बाद अतिरिक्त सतर्कता जरूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि जीआरपी और आरपीएफ की कई टीमें स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार जांच कर रही हैं। साथ ही एंटी-सैबोटाज टीमें भी तैनात की गई हैं, जो हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही हैं।

पुलिस ने आम जनता से भी सतर्क रहने और सहयोग करने की अपील की है। यात्रियों से कहा गया है कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत रेलवे पुलिस या संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है और यात्रा को सुरक्षित बनाया जा सकता है।