Site icon Live Bharat

पंजाब में नहरी पानी परियोजना में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने के आरोप, किसानों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग

रिपोर्ट :लाइव भारत / गुरदासपुर 09-मई (मनी शर्मा)

गुरदासपुर एक तरफ जहां पंजाब सरकार किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर उप मंडल अलीवाल के अधीन पड़ते रजबाहा ध्यानपुर क्षेत्र में बन रहे नाले के निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। किसानों ने आरोप लगाया है कि खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए बनाए जा रहे नाले में घटिया स्तर की निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके कारण निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही नाला टूटने लगा है।

जानकारी देते हुए गांव गाजीनंगल के किसान परमजीत सिंह ने बताया कि नहरी विभाग की ओर से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए नाला बनाया जा रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत से ठेकेदार निम्न गुणवत्ता का मटेरियल इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन नाला जगह-जगह से टूट रहा है, जिससे सरकार की परियोजना पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

किसान परमजीत सिंह ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद ठेकेदार और संबंधित विभाग के अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे और लगातार टालमटोल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य भगवान भरोसे छोड़ा गया है और विभागीय अधिकारी मौके का निरीक्षण करने तक नहीं पहुंचते।

किसानों ने पंजाब सरकार से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की जाए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नाला निर्माण के लिए जारी सरकारी फंड में भी गड़बड़ी की आशंका है।

 

 

Exit mobile version