लाइव भारत अमृतसर (मनी शर्मा)
निरंकारी कॉलोनी भवन में आयोजित कैंप में युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान, संजय सागर गुप्ता ने रक्तदाताओं को बांटे प्रमाण पत्र
अमृतसर। निरंकारी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित निरंकारी कॉलोनी भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग 200 यूनिट रक्तदान किया। शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला।
इस अवसर पर समाजसेवक संजय सागर गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय सागर गुप्ता ने कहा कि निरंकारी चैरिटेबल ट्रस्ट समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। ट्रस्ट की ओर से रक्तदान शिविरों के साथ-साथ पौधारोपण, सफाई अभियान, सामूहिक विवाह तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां देश-विदेश में आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि आज के रक्तदान शिविर में विशेष रूप से युवाओं का उत्साह देखने को मिला, जो समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है, क्योंकि हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में सहायक बन सकता है। निरंकारी मिशन का संदेश “रक्त नाड़ियों में बहे, न कि नालियों में” मानवता की सेवा और रक्तदान के महत्व को दर्शाता है।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी महानुभावों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई थी। इस मौके पर सेवादल इंचार्ज सचिन वोहरा एवं उनके साथियों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद किया।
