डीजीपी के आदेश पर तरनतारन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पूरे जिले में 38 जगहों पर स्पेशल नाकाबंदी

0
15
रिपोर्ट :लाइव भारत / अमृतसर 09-मई (मनी शर्मा) 

बिना दस्तावेज और नंबर प्लेट वाले वाहन जब्त, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच

पंजाब में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए डीजीपी के निर्देशों पर सीमावर्ती जिला तरनतारन में पुलिस द्वारा विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया। तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा के नेतृत्व में पूरे जिले में 38 स्थानों पर पुलिस नाके लगाए गए और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की गहन जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में तरनतारन में हुई आपराधिक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना दस्तावेजों और बिना नंबर प्लेट वाले कई वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस ने देर रात तक चलाए गए चेकिंग अभियान में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।

एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि रात के समय की जाने वाली चेकिंग के दौरान पुलिस को कई बड़ी सफलताएं हासिल होती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों के जरिए नशा तस्करी और अवैध हथियारों की बरामदगी में मदद मिलती है। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के बाद कई मामलों में नामजद आरोपियों तक पहुंचने में भी सफलता मिलती है।

उन्होंने कहा कि सीमा से सटे इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह की विशेष नाकाबंदी और चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।